हत्यारोपितों की गिरफ़्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम
हरपुर इलाके के समुदा निवासी अशोक सिंह के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रविवार की सुबह सवा दस बजे सोनबरसा बाजार में हरनहीं मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चौबीस घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन देकर करीब 12.30 बजे जाम हटवाया। इस दौरान गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।
हरनही के समुदा निवासी अशोक सिंह की मेड़ बांधने के विवाद में बीते 13 नवंबर को फावड़े से काटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने अशोक के बेटे की तहरीर पर रानीपुर निवासी संतराज यादव व उनके बेटे उपेंद्र, जयप्रकाश, रुद्रप्रताप, पत्नी पार्वती के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस को चकमा देकर संतराज व बेटे उपेंद्र ने कोर्ट में सरेंडर किया था। वहीं हत्या के तीन आरोपी अभी भी फरार हैं।
एक सप्ताह के बाद भी गिरफ्तारी न होने से लोगों का गुस्सा भड़क गया। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए फरार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार की सुबह लोगों ने जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे थानेदार देवेंद्र लाल ने कड़ी मशक्कत के बाद 24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया और करीब सवा दो घंटे बाद जाम को हटवाया।
बोले सीओ खजनी
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लोगों ने जाम लगाया था। लोगों को आश्वासन देकर जाम हटवाया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर लिया जाएगा।
- योगेंद्र नरायण कृष्ण, सीओ खजनी